शुभेंदु के प्राइवेट पीए की प्रोफेशनल स्टाइल में हत्या, ग्लॉक पिस्तौल का हुआ इस्तेमाल! हाई-लेवल जांच शुरू

विधानसभा चुनाव नतीजों के महज 48 घंटे बाद भाजपा नेता शुभेंदु अधिकारी के करीबी प्राइवेट पीए चंद्रनाथ रथ की मध्यमग्राम में बुधवार रात गोली मारकर हत्या कर दी गई। बाइक सवार चार हमलावरों ने कार रोककर 6-10 राउंड फायरिंग की। प्रोफेशनल हिटमैन का शक, पुलिस हाई अलर्ट पर जांच कर रही है।
Share:
विषयसूची
Suvendu Adhikari PA Murder: विधानसभा चुनाव नतीजों के महज 48 घंटे बाद पश्चिम बंगाल में राजनीतिक हिंसा की एक और चौंकाने वाली घटना ने पूरे इलाके को हिलाकर रख दिया। भाजपा नेता शुभेंदु अधिकारी के करीबी सहयोगी और उनके प्राइवेट पीए 42 वर्षीय चंद्रनाथ रथ की कल बुधवार रात मध्यमग्राम में बाइक सवार हमलावरों ने गोली मारकर निर्मम हत्या कर दी।
बाइक सवार अपराधियों ने चलाई धड़ाधड़ गोलियां
घटना इतनी भयावह थी कि आसपास के लोग अभी भी दहशत में हैं।पुलिस के मुताबिक, चंद्रनाथ रथ कोलकाता से अपने मध्यमग्राम स्थित घर लौट रहे थे। रात करीब 10:30 बजे जब उनकी कार डोलतला और मध्यमग्राम चौमाथा के बीच दोहरिया इलाके से गुजर रही थी, तभी चार बाइक सवार हमलावरों ने उनकी गाड़ी को रोका। बिना नंबर प्लेट वाली बाइक पर सवार, हेलमेट पहने हमलावरों ने बेहद करीब से ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी।
कार चालक की हालत गंभीर
पुलिस अधिकारियों का अनुमान है कि कुल 6 से 10 राउंड गोलियां चलाई गईं। चंद्रनाथ रथ को कई गोलियां लगीं और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। कार चला रहे बुद्धदेव बेरा भी गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें कोलकाता के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। घटना की सूचना मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई। लोग घरों से बाहर निकलकर देखने लगे, लेकिन हमलावर तब तक फरार हो चुके थे।
जांच में जुटी पुलिस
पश्चिम बंगाल पुलिस के डीजीपी सिद्धनाथ गुप्ता और सीआरपीएफ महानिदेशक ज्ञानेंद्र प्रताप सिंह ने खुद रात में घटनास्थल का दौरा किया। उच्च स्तर पर जांच शुरू कर दी गई है। फॉरेंसिक टीम ने प्रारंभिक जांच में ‘ग्लॉक 47 एक्स’ जैसी पिस्तौल का इस्तेमाल होने का संकेत दिया है। पुलिस का कहना है कि आम अपराधी इस तरह के हथियार आसानी से नहीं इस्तेमाल करते। यह पेशेवर हमलावरों का काम लगता है। हम हर एंगल से जांच कर रहे हैं पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। आसपास के कई कैमरों की फुटेज जब्त कर ली गई है। कई टीमें बनाकर हमलावरों की तलाश शुरू कर दी गई है। जांचकर्ता यह भी पता लगा रहे हैं कि क्या यह हत्या सुपारी देकर कराई गई थी।
#WATCH | Madhyamgram, North 24 Parganas, West Bengal: A team of CID West Bengal carries out an investigation at the spot where BJP leader Suvendu Adhikari’s PA Chandranath was shot dead near Madhyamgram last night. pic.twitter.com/AEzwfGyMtH
— ANI (@ANI) May 7, 2026
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
शुभेंदु अधिकारी के करीबी होने के कारण राजनीतिक साजिश की आशंका भी जताई जा रही है। परिवार और स्थानीय लोगों में गुस्सा और दुख दोनों है। चंद्रनाथ रथ को जानने वाले उन्हें मेहनती और साधारण स्वभाव का व्यक्ति बताते हैं। एक स्थानीय निवासी ने भावुक होकर कहा, “रात को घर लौट रहे थे, इतनी बेरहमी से मार दिया। अब परिवार का क्या होगा?” फिलहाल पूरे उत्तर 24 परगना जिले में सुरक्षा बढ़ा दी गई है।

