West Bengal News: उत्तर बंगाल में बढ़ाई जाएगी केंद्रीय बलों की तैनाती

West Bengal News : पश्चिम बंगाल में आईएसआई और आतंकी नेटवर्क को तोड़ने के लिए बढ़ी केंद्रीय बलों की तैनाती। उत्तर बंगाल पर विशेष नजर।
विषयसूची
आईएसआई नेटवर्क को तोड़ने के लिए बड़ी तैयारी
West Bengal News: गृह मंत्रालय के निर्देशानुसार पश्चिम बंगाल में केंद्रीय अर्धसैनिक बलों (सीएपीएफ) की संख्या को दोगुना करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। झारखंड और ओडिशा से सेंट्रल आर्म्ड पुलिस फोर्सेज (सीएपीएफ) की 50 अतिरिक्त कंपनियां राज्य में लाई जा रही हैं। नवान्न सूत्रों के अनुसार, अगस्त महीने के भीतर ही इन अतिरिक्त सीएपीएफ जवानों को राज्य के विभिन्न संवेदनशील हिस्सों में तैनात कर दिया जाएगा।
उत्तर और दक्षिण बंगाल पर खास नजर
वर्तमान में राज्य में सीएपीएफ की 50 कंपनियां पहले से मौजूद हैं। नए आदेश के तहत 5,000 से अधिक अतिरिक्त सीएपीएफ जवानों (50 कंपनियां) को उत्तर बंगाल के सिलीगुड़ी, कलिम्पोंग और कूचबिहार के साथ-साथ दक्षिण बंगाल के हावड़ा शहर, हावड़ा ग्रामीण और रानाघाट इलाकों में भेजा जा रहा है। ये जवान राज्य पुलिस के साथ मिलकर कानून-व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए काम करेंगे।
आईएसआई और आतंकी नेटवर्क को तोड़ने की कोशिश
खुफिया एजेंसियों की रिपोर्ट के अनुसार हाल ही में राज्य के विभिन्न हिस्सों में पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी आईएसआई और आतंकी संगठन ‘अल कायदा इन इंडियन सबकॉन्टिनेंट’ (एक्यूआईएस) से जुड़े कुछ संदिग्ध एजेंटों और सदस्यों की गिरफ्तारी हुई है। पूछताछ में यह बात सामने आई है कि कूचबिहार का दिनहाटा और दोनों दिनाजपुर के कुछ इलाके पाकिस्तानी जासूसी नेटवर्क का नया केंद्र बनते जा रहे हैं।सीमावर्ती क्षेत्र दिनहाटा को मुख्य ‘केंद्र’ बनाकर बांग्लादेश के लालमोनिरहाट से भारत-विरोधी तत्वों और ‘हैंडलर्स’ के सक्रिय होने की सूचना मिली है।
सुरक्षा एजेंसियों का बड़ा अभियान शुरू
इसके अलावा, पिछले दिनों दिनहाटा के दीघलटारी गांव से मीठू रहमान नामक एक संदिग्ध पाकिस्तानी जासूस को बंगाल एसटीएफ द्वारा गिरफ्तार किया गया था। इन तमाम सुरक्षा चुनौतियों को देखते हुए माना जा रहा है कि उत्तर बंगाल में पाकिस्तानी जासूसी नेटवर्क और आतंकी गतिविधियों को जड़ से खत्म करने के लिए सुरक्षा एजेंसियों द्वारा एक बड़ा अभियान शुरू किया जा सकता है।
रिपोर्ट: शिंकी सिंह, कोलकाता

