बंगाल में पूजा के बाद सात नगर निकायों में चुनाव की तैयारी तेज,आयोग ने जिलों को दिए निर्देश

पूजा की छुट्टियों के बाद कोलकाता, हावड़ा समेत 7 नगर निकायों में होंगे चुनाव। राज्य चुनाव आयोग ने जिलों को दिए निर्देश। जानें पूरी टाइमलाइन।
विषयसूची
निकाय चुनाव को लेकर प्रशासन अलर्ट
पश्चिम बंगाल में दुर्गा पूजा की छुट्टियों के तुरंत बाद राज्य के विभिन्न नगर निकायों और निगमों के चुनाव संपन्न कराने के लिए राज्य निर्वाचन आयोग ने अपनी प्रशासनिक तैयारियां तेज कर दी हैं। राज्य निर्वाचन आयुक्त कृष्णा गुप्त ने विभिन्न जिलों के जिलाधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय बैठक कर चुनाव तैयारियों की समीक्षा की और रूपरेखा तैयार की। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार पहले चरण में आगामी नवंबर महीने के दौरान कोलकाता समेत कुल 7 नगर निगमों व परिषदों में चुनाव कराए जाएंगे। इस सिलसिले में आगामी 27 या 28 अक्टूबर को औपचारिक अधिसूचना (नोटिफिकेशन) जारी की जा सकती है। इसके बाद राज्य सरकार के साथ आपसी चर्चा के आधार पर 28 या 29 नवंबर को मतदान और 2 दिसंबर को वोटों की गिनती कराए जाने की संभावना है।
इन शहरों में होगा मतदान
पहले चरण के इन चुनावों में कोलकाता और हावड़ा के अलावा हल्दिया, धुपगुड़ी, कालिम्पोंग और कार्शियांग में मतदान होना तय माना जा रहा है।
7 अक्टूबर तक जारी होगी आरक्षित सीटों की सूची
आयोग के सूत्रों का कहना है कि आगामी 7 अक्टूबर को कोलकाता और हावड़ा की आरक्षित सीटों के लिए ‘फॉर्म-बी’ प्रकाशित किया जाएगा, जबकि अन्य नगर निकायों के लिए यह प्रक्रिया 6 अक्टूबर को पूरी होगी। इन सात नगर निकायों के दायरे में आने वाले कुल 6,300 से अधिक बूथों पर मतदान संपन्न कराया जाएगा। इसके लिए अगले सप्ताह से ही संबंधित जिलों में इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनें भेजने का काम शुरू हो जाएगा। ‘फॉर्म-बी’ के प्रकाशन के ठीक सात सप्ताह के भीतर मतदान की प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी। इसके साथ ही ईवीएम की प्रथम चरण की जांच (फर्स्ट लेवल चेकिंग) 29 सितंबर से 6 अक्टूबर के बीच पूरी की जाएगी।
37,000 से अधिक मतदान कर्मियों की जरूरत
मतदान के लिए 37,000 से अधिक मतदान कर्मियों की जरूरत होगी। आयोग ने स्पष्ट निर्देश दिया है कि अक्टूबर के पहले सप्ताह तक सेक्टर व्यवस्था को पूरी तरह जमीनी स्तर पर उतार लिया जाए। चुनाव तारीखों की औपचारिक घोषणा के साथ ही आदर्श आचार संहिता लागू कर दी जाएगी।
9 महीने में 127 नगर निकायों के चुनाव का लक्ष्य
इन सात प्रमुख निकायों के अलावा अगले साल की शुरुआत में राज्य के 112 अन्य निकायों का कार्यकाल भी समाप्त होने जा रहा है। इस तरह आगामी नौ महीनों के भीतर राज्य के कुल 127 नगर निकायों के चुनाव सफलतापूर्वक संपन्न कराने का लक्ष्य रखा गया है। चुनाव संचालन और कर्मियों की तैनाती के लिए ‘इलेक्शन मैनपावर मैनेजमेंट सिस्टम’ (ईएमएमएस) ऑनलाइन पोर्टल का इस्तेमाल किया जा रहा है। इसके अलावा आगामी अक्टूबर में मतदाता सूची का मसौदा प्रकाशित कर दिया जाएगा और नवंबर के पहले सप्ताह तक अंतिम मतदाता सूची सामने आ जाएगी।
रिपोर्ट: शिंकी सिंह, कोलकाता

