बंगाल में वोकेशनल शिक्षकों का बढ़ा वेतन, अब हर महीने मिलेंगे 22 हजार रुपये

पश्चिम बंगाल के 3,222 स्कूलों में कार्यरत वोकेशनल शिक्षकों के लिए राहत की खबर है। सरकार ने मासिक वेतन में 2 हजार रुपये की बढ़ोतरी का आदेश जारी किया है।
विषयसूची
वोकेशनल शिक्षकों के वेतन पर सरकार का बड़ा फैसला
केंद्र सरकार की योजनाओं के तहत काम कर रहे वोकेशनल शिक्षकों के वेतन में बढ़ोतरी का आधिकारिक आदेश जारी कर दिया गया है। राज्य के तकनीकी शिक्षा विभाग के अनुसार, सीएसएस-वीएसई यानी एनएनएसक्यूएफ योजना से जुड़े शिक्षकों का मासिक वेतन 20 हजार रुपये से बढ़ाकर 22 हजार रुपये कर दिया गया है। वर्तमान में पश्चिम बंगाल के 3,222 विद्यालयों में वोकेशनल शिक्षा की यह योजना संचालित हो रही है। इन विद्यालयों में करीब 2,603 शिक्षक सेवाएं दे रहे हैं। बताया गया है कि कई शिक्षकों को एक से अधिक विद्यालयों की जिम्मेदारी भी संभालनी पड़ती है।
वेतन बढ़ोतरी से शिक्षकों को मिली राहत
वेतन में 2 हजार रुपये की बढ़ोतरी के फैसले के बाद शिक्षकों के बीच राहत की भावना है। हालांकि, एनएनएसक्यूएफ शिक्षक परिवार के राज्य सचिव शुभदीप भौमिक ने कहा कि शिक्षक एक एजेंसी के माध्यम से काम कर रहे हैं। ऐसे में 20 हजार रुपये के वेतन में विभिन्न कटौतियों के बाद उनके हाथ में करीब 16 से 17 हजार रुपये ही पहुंचते हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षकों की प्रमुख मांग उन्हें निजी एजेंसियों की व्यवस्था से बाहर निकालने की है ताकि उन्हें सीधे तौर पर बेहतर वेतन और सुविधाएं मिल सकें।
केंद्र से भी हिस्सा बढ़ाने का अनुरोध
तकनीकी शिक्षा मंत्री जगन्नाथ चट्टोपाध्याय ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए वेतन वृद्धि की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने अपना वादा पूरा किया है। साथ ही केंद्र सरकार से भी योजना में अपना वित्तीय हिस्सा बढ़ाने का अनुरोध किया गया है। वेतन में यह बढ़ोतरी लंबे समय से कम वेतन पर काम कर रहे वोकेशनल शिक्षकों के लिए राहत के तौर पर देखी जा रही है।
रिपोर्ट: शिंकी सिंह, कोलकाता

