महालया पर ईडन गार्डन्स में होगा मेगा शो, पीएम मोदी की जगह अमित शाह होंगे शामिल

महालया पर कोलकाता के ईडन गार्डन्स में भव्य ‘आगमनी’ कार्यक्रम होगा। पीएम मोदी के नहीं आने की संभावना है जबकि अमित शाह शामिल हो सकते हैं।
विषयसूची
10 हजार ड्रोन से दिखेंगे मां दुर्गा के अलग-अलग रूप
महालया के अवसर पर कोलकाता में इस बार भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। ईडन गार्डन्स में होने वाले विशेष ‘आगमनी’ कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के शामिल होने की चर्चा थी लेकिन अब उनके कार्यक्रम में शामिल होने की संभावना नहीं है। उनकी जगह केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हो सकते हैं। राज्य सरकार की ओर से महालया के दिन कोलकाता और हावड़ा के विभिन्न घाटों पर भी विशेष सांस्कृतिक और नृत्य कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन सभी कार्यक्रमों को मिलाकर आयोजन के लिए करीब 128 करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं।
पांच प्रमुख पूजा का वर्चुअल उद्घाटन
उसी दिन ईडन से ही शहर की पांच बड़ी पूजाओं — श्रीभूमि, संतोष मित्र स्क्वायर, बेहाला, सुरुचि और त्रिधारा का वर्चुअल उद्घाटन करने की भी योजना है। सूत्रों से जानकारी मिली है कि प्रधानमंत्री के पास कुछ जरूरी काम आ गए हैं जिसके चलते वे कोलकाता शायद नहीं आएंगे। एशियाई खेलों के पदक विजेताओं से उसी दिन दिल्ली में प्रधानमंत्री की मुलाकात करने का कार्यक्रम तय हुआ है।
कार्निवल की जगह महालया पर होगा भव्य आयोजन
मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने पहले ही घोषणा कर दी थी कि इस बार विजयादशमी के बाद दुर्गा पूजा का कार्निवल आयोजित नहीं किया जाएगा। इसके स्थान पर महालया के दिन ईडन गार्डन्स में एक मेगा कार्यक्रम का आयोजन राज्य सरकार करेगी। वहां करीब दस हजार ड्रोन्स के जरिए मां दुर्गा के कई रूप आकाश में उकेरे जाएंगे। ईडन, रेड रोड और उससे जुड़े इलाकों के किसी भी हिस्से से आकाश में ड्रोन के पंखों पर तैरती हुई देवी मूर्ति की अद्भुत तस्वीरें साफ दिखाई देंगी। ईडन में उस दिन करीब एक घंटा बीस मिनट तक मुख्य अतिथि के मौजूद रहने का कार्यक्रम था।
मुख्यमंत्री के साथ रोड शो की भी थी योजना
शाम को रेड रोड पर मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के साथ एक मेगा रोड शो की भी योजना बनाई गई थी। लेकिन गुरुवार रात प्रधानमंत्री के कोलकाता दौरे को लेकर अनिश्चितता का माहौल बन जाने के कारण,और अमित शाह के आने की संभावना को देखते हुए महालया का यह मेगा इवेंट तय योजना से थोड़ा बदलकर आयोजित हो सकता है। ऐसा सरकारी सूत्रों से संकेत मिला है।
रिपोर्ट: शिंकी सिंह, कोलकाता

