सुबह-सुबह कांपी पाकिस्तान की धरती, एक के बाद एक दो बार आये तेज भूकंप के झटके; लोगों में दहशत

पाकिस्तान में शनिवार को कुछ घंटों के अंतराल में दो बार भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए। पहले 5.3 और फिर 5.5 तीव्रता का भूकंप आया, जिससे लोगों में दहशत फैल गई। हालांकि, अब तक किसी तरह के जान-माल के नुकसान की सूचना सामने नहीं आई है।
विषयसूची
Earthquake in Pakistan: पाकिस्तान में आज शनिवार की सुबह एक के बाद एक लगातार दो बार भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए। पहले सुबह 5.3 तीव्रता का भूकंप आया और कुछ घंटे बाद 5.5 तीव्रता के झटकों ने लोगों को दहशत में डाल दिया। हालांकि, राहत की बात यह है कि अब तक किसी तरह के जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं मिली है।
सुबह करीब 6:15 बजे आया भूकंप
नेशनल सेंटर फॉर सीस्मोलॉजी (NCS) के अनुसार , दूसरा भूकंप भारतीय समयानुसार सुबह करीब 8:36 बजे आया, जिसकी तीव्रता 5.5 दर्ज की गई। इसका केंद्र बलूचिस्तान प्रांत के बरखान शहर से करीब 63 किलोमीटर दूर था। NCS के मुताबिक भूकंप की गहराई 40 किलोमीटर थी, जबकि यूरोपियन-मेडिटेरेनियन सीस्मोलॉजिकल सेंटर (EMSC) और अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (USGS) ने इसकी गहराई 35 किलोमीटर बताई है।
इससे पहले शनिवार सुबह करीब 6:15 बजे पाकिस्तान में 5.3 तीव्रता का एक और भूकंप आया था। NCS के अनुसार, इस भूकंप का केंद्र जमीन से करीब 75 किलोमीटर की गहराई में था। लगातार कुछ घंटों के भीतर दो बार धरती हिलने से लोगों में डर का माहौल बन गया और कई लोग एहतियात के तौर पर घरों से बाहर निकल आए।
कुछ दिन पहले ही भूकंप से वेनेजुएला में मची थी तबाही
हाल के दिनों में दुनिया के कई हिस्सों में भूकंप की गतिविधियां बढ़ी हैं। कुछ दिन पहले वेनेजुएला में भी भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए थे। अब पाकिस्तान में एक ही दिन में दो बार आए भूकंप ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है।
फिलहाल प्रशासन ने किसी बड़े नुकसान या जनहानि की पुष्टि नहीं की है। स्थानीय प्रशासन और राहत एजेंसियां स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं और प्रभावित इलाकों की निगरानी की जा रही है।

