Jharkhand Crime News: झारखंड के पलामू जिले से एक ऐसी खबर सामने आयी है, जिसने सबको सन्न कर दिया। 16 साल की इस नयी-नवेली दुल्हन के कारनामे के बारे में सुनकर आप भी दंग रह जायेंगे। दांतों तले उंगलियां दबा लेंगे। मामला पलामू जिले के सिंजो गांव का है। विवाह से पहले वह किसी से प्रेम करती थी। शादी के बाद भी वह अपने प्रेमी को नहीं भूल पायी और झारखंड में राजा रघुवंशी जैसा कांड कर डाला।
शादी के महज 45 दिन बाद इस दुल्हन ने अपने बॉयफ्रेंड के साथ मिलकर पति की हत्या कर दी। जुलाई 2025 में हुई इस घटना का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने बताया कि नावाबाजार थाना क्षेत्र में हुई हत्याकांड में सरफराज खान की पत्नी ही उसकी हत्यारन निकली। जिसने भी इस दुल्हन की कहानी सुनी, वह अवाक रह गया।
पुलिस ने बताया है कि नाबालिग का निकाह जबरन सरफराज खान के साथ कर दिया गया था। 22 जून को लातेहार जिले के दाही गांव के सरफराज से उसका निकाह हुआ। शादी के 45 दिन बाद लड़की ने अपने पति को जंगल में अकेले में मिलने के लिए बुलाया। कहा कि वह उसके साथ एकांत में कुछ पल बिताना चाहती है।
सरफराज अपनी पत्नी के कहने पर जंगल में ‘फुर्सत के पल’ बिताने के लिए पहुंचा। सरफराज जैसे ही वहां पहुंचा, उसकी पत्नी के बॉयफ्रेंड ने उसे बीयर पिलायी। सरफराज जब नशे की हालत में था, उसने उस पर हमला कर दिया। इसके बाद प्रेमी-प्रेमिका ने मिलकर सरफराज की पत्थर से कूचकर हत्या कर दी। अपराध को छिपाने के लिए दोनों ने पत्तों से उसके शव को ढंक दिया।
सरफराज के भाई ने 29 जुलाई को कालाबाजारी थाने में प्राथमिकी दर्ज करायी। पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और जल्दी ही पुलिस हत्यारिन पत्नी तक पहुंच गयी। सरफराज की हत्या करने वाली लड़की ने पुलिस को बताया कि वह अपने बॉयफ्रेंड से शादी करना चाहती थी। परिवार वालों ने जबरन उसकी शादी सरफराज से कर दी।
लड़की ने पुलिस की पूछताछ में कहा कि उसके पास कोई दूसरा विकल्प ही नहीं था। अपनी पसंद के लड़के से शादी करने के लिए उसने अपने उस पति की हत्या की, जिसके साथ वह रहना ही नहीं चाहती थी। हालांकि, हत्या में शामिल लड़की के बॉयफ्रेंड समीर शाह को भी गिरफ्तार कर लिया है।