Rashtra Bharat Logo

Shibu Soren: गुरुजी के अंतिम दर्शन को रांची में उमड़ी भीड़

Shibu Soren: गुरुजी के अंतिम दर्शन को रांची में उमड़ी भीड़
रांची में शिबू सोरेन के पार्थिव शरीर की एक झलक पाने को बेताब लोग.
Updated:
·by
Rashtra Bharat Digital Team
Rashtra Bharat Digital Team
Share:

Shibu Soren Death News: वरिष्ठ आदिवासी नेता एवं झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के संरक्षक शिबू सोरेन का पार्थिव शरीर सोमवार शाम राज्य की राजधानी रांची लाया गया। इस दौरान हजारों लोग दिशोम गुरु के नाम से जाने जाने वाले अपने प्रिय नेता को अंतिम श्रद्धांजलि अर्पित करने के लिए हवाई अड्डे के बाहर और सड़कों के किनारे कतारों में खड़े थे।

झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन के पार्थिव शरीर को एक विशेष विमान से दिल्ली से रांची लाया गया। झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, उनकी विधायक पत्नी कल्पना सोरेन और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के भाई एवं विधायक बसंत सोरेन भी उसी विमान से आए।

शिबू सोरेन (81) का गुर्दे संबंधी समस्याओं के कारण एक महीने से अधिक समय से दिल्ली के सर गंगा राम अस्पताल में उपचार किया जा रहा था। उनका सोमवार सुबह निधन हो गया।

Shibu Soren Dead Body in Ranchi News
शिबू सोरेन का पार्थिव शरीर रांची पहुंचा.

शिबू सोरेन का पार्थिव शरीर जैसे ही यहां बिरसा मुंडा हवाई अड्डे पर लाया गया, वहां बड़ी संख्या में एकत्रित झामुमो कार्यकर्ताओं और नेताओं ने ‘दिशोम गुरु अमर रहें’ के नारे लगाने शुरू कर दिए।

हवाई अड्डे पर कई नेता और मंत्री- दीपिका पांडे सिंह, सुदिव्य कुमार सोनू, इरफान अंसारी, मथुरा महतो और शिल्पी नेहा तिर्की भी मौजूद थे।
शिबू सोरेन का पार्थिव शरीर कड़ी सुरक्षा के बीच फूलों से सजी जिस खुली गाड़ी में ले जाया जा रहा था उस पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन भी बैठे हुए थे। वाहन के ऊपर ‘गुरुजी’ (शिबू सोरेन) की तस्वीर लगी थी।

शिबू सोरेन का पार्थिव शरीर यहां मोरहाबादी स्थित उनके आवास ले जाया जा रहा है। उनके आवास पर बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और नेता एकत्रित हैं।

झामुमो सूत्रों ने बताया कि शिबू सोरेन का पार्थिव शरीर मंगलवार को रामगढ़ जिले में उनके पैतृक गांव नेमरा ले जाया जाएगा और अंतिम संस्कार वहीं किया जाएगा। इससे पहले उनके पार्थिव देह को सुबह 9 बजे झारखंड विधानसभा ले जाया जायेगा, जहां लोग उन्हें श्रद्धांजलि देंगे। इसके बाद उनके पैतृक शरीर को नेमरा गांव ले जाया जायेगा।