घर के मंदिर में इन चीजों को रखने से आती है सुख-समृद्धि, बनी रहती है मां लक्ष्मी की कृपा

घर के मंदिर में शंख, शालिग्राम, गंगाजल और कौड़ियां रखने से नकारात्मक ऊर्जा दूर होती है और माता लक्ष्मी की कृपा से बरकत बनी रहती है।
विषयसूची
घर के मंदिर में कौन सी चीजें रखना है सबसे शुभ
घर का मंदिर केवल पूजा-पाठ करने की जगह भर नहीं है बल्कि यह वह पवित्र कोना है जहां बैठकर व्यक्ति शांति का अनुभव करता है। ऐसा माना जाता है कि मंदिर से ही पूरे घर में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है जो परिवार के हर सदस्य की तरक्की, सेहत और खुशहाली पर सीधा असर डालती है। वास्तु और ज्योतिष शास्त्र के जानकारों के अनुसार यदि घर के मंदिर में कुछ खास और धार्मिक रूप से महत्वपूर्ण चीजें पूरी श्रद्धा और सही नियमों के साथ रखी जाएं तो इससे मां लक्ष्मी और देवी-देवताओं की असीम कृपा प्राप्त होती है। आइए जानते हैं कि वे कौन-सी चीजें हैं जिन्हें मंदिर में रखने से जीवन के सारे संकट दूर हो जाते हैं और घर में हमेशा बरकत बनी रहती है।
- शंख और शालिग्राम : पूजा घर में शंख और भगवान शालिग्राम का होना बहुत अच्छा माना जाता है। रोजाना शंख में साफ पानी भरकर घर में छिड़कने से बुरी नजर और नकारात्मक ऊर्जा दूर होती है। शालिग्राम को भगवान विष्णु का रूप मानकर पूजने से घर के सारे संकट टल जाते हैं।
- पवित्र गंगाजल : घर के मंदिर में हमेशा तांबे या चांदी के बर्तन में गंगाजल भरकर रखना चाहिए। इसे कभी भी प्लास्टिक के डिब्बे में न रखें। गंगाजल को बहुत पवित्र माना जाता है जिसके छिड़काव से घर का माहौल शुद्ध और शांत रहता है।
- कौड़ियां और गोमती चक्र : अगर आपके घर में पैसे टिकते नहीं हैं या तंगी रहती है, तो मंदिर में पीली कौड़ियां और गोमती चक्र रखें। इन्हें लाल कपड़े में बांधकर मंदिर में रखने से मां लक्ष्मी की कृपा होती है और धन से जुड़ी परेशानियां धीरे-धीरे खत्म होने लगती हैं।
- इत्र की शीशी : भगवान को खुश करने और मंदिर का माहौल खुशनुमा बनाने के लिए वहां शुद्ध इत्र की शीशी जरूर रखें। मंदिर से आने वाली हल्की खुशबू घर के लोगों का मन शांत रखती है और परिवार में आपसी प्यार को बढ़ाती है।
रिपोर्ट: शिंकी सिंह, कोलकाता

