दुर्गा पूजा और पीएम मोदी के आगमन से पहले सज रहा कोलकाता, नीले-सफेद की जगह छाया बासंती रंग

दुर्गा पूजा और पीएम मोदी के आगमन से पहले कोलकाता में सड़क मरम्मत, रंगाई और रोशनी का काम तेज है। कई इलाकों में नीले-सफेद की जगह बासंती रंग नजर आ रहा है।
विषयसूची
ईडन गार्डन्स के कार्यक्रम को लेकर तैयारियां तेज
दुर्गा पूजा से पहले कोलकाता का रंग-रूप बदलने लगा है। शहर की सड़कों की मरम्मत से लेकर डिवाइडर और रेलिंग की रंगाई तक का काम तेज कर दिया गया है। कई प्रमुख इलाकों में अब तक नजर आने वाले नीले-सफेद रंग की जगह बासंती रंग दिखाई देने लगा है। नगर निगम का लक्ष्य पूजा से पहले शहर को साफ-सुथरा और आकर्षक रूप देना है। कोलकाता नगर निगम की ओर से शहर की प्रमुख और व्यस्त सड़कों को दुरुस्त करने का काम भी चल रहा है। सड़कों के गड्ढे भरने, पैचवर्क और खराब हिस्सों को समतल करने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। निगम के मुताबिक करीब 76 प्रमुख सड़कों की मरम्मत का काम किया जा रहा है।
पीएम मोदी के आगमन को लेकर भी तैयारी
महालया के मौके पर 10 अक्टूबर को ईडन गार्डन्स में विशेष ‘आगमनी’ कार्यक्रम आयोजित किए जाने की तैयारी है। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के शामिल होने की बात कही जा रही है। उनके आगमन को देखते हुए शहर की साफ-सफाई, सड़क, रोशनी और सजावट से जुड़े कामों को जल्द पूरा करने पर जोर दिया जा रहा है। दुर्गा पूजा से पहले कोलकाता को नया रूप देने की यह तैयारी अब शहर के कई हिस्सों में साफ दिखाई देने लगी है। सड़कों की मरम्मत और बासंती रंग की सजावट के साथ महानगर धीरे-धीरे पूजा के रंग में रंगता नजर आ रहा है।
डिवाइडर और रेलिंग पर चढ़ रहा बासंती रंग
उल्टाडांगा, सेंट्रल एवेन्यू, पार्क स्ट्रीट सहित कई प्रमुख इलाकों में डिवाइडर और सड़क किनारे लगी रेलिंग की रंगाई की जा रही है। सॉल्टलेक की ओर जाने वाले रास्ते और विक्टोरिया हाउस के सामने सेंट्रल एवेन्यू में भी यह काम दिखाई दे रहा है। निगम के अधिकारियों के अनुसार, समय कम होने की वजह से पुराने डिवाइडरों के डिजाइन में ज्यादा बदलाव नहीं किया जा रहा है। मौजूदा ढांचे पर ही नया रंग किया जा रहा है ताकि काम तेजी से पूरा हो सके।
76 प्रमुख सड़कों की मरम्मत का काम
कोलकाता की कई सड़कें लंबे समय से सीवरेज और दूसरे निर्माण कार्यों के कारण खराब थीं। इन्हें ठीक करने के लिए निगम ने मरम्मत का काम तेज किया है। दमदम रोड, सियालदह रोड और बेहाला के कई हिस्सों में सड़क को बेहतर बनाने का काम चल रहा है। ईएम बाईपास समेत कई महत्वपूर्ण मार्गों पर गड्ढे भरने और पैचवर्क का काम किया जा रहा है। सियालदह फ्लाईओवर, सेंट्रल एवेन्यू और एपीसी रोड जैसे व्यस्त मार्गों को भी बेहतर करने की कोशिश है। निगम के सामने महालया से पहले अधिकतर काम पूरा करने की चुनौती है।
रोशनी से भी जगमगाएगा शहर
निगम के प्रकाश विभाग को महालया से पहले शहर के प्रमुख हिस्सों और घाटों को आकर्षक रोशनी से सजाने का निर्देश दिया गया है। गंगा के कुछ घाटों पर बड़े रेडियो मॉडल लगाने की योजना है। यहां महिषासुरमर्दिनी का प्रसारण किया जाएगा। इससे दुर्गा पूजा से पहले शहर में उत्सव का माहौल और बेहतर बनाने की तैयारी है।
रिपोर्ट: शिंकी सिंह, कोलकाता

