Kolkata Heavy Rainfall Alert: कोलकाता समेत दक्षिण बंगाल में भारी बारिश का रेड अलर्ट

Kolkata Heavy Rainfall Alert: बंगाल की खाड़ी में बने गहरे निम्न दबाव से कोलकाता और दक्षिण बंगाल में अति भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी। बांकुड़ा, मेदिनीपुर समेत कई जिलों में अलर्ट।
विषयसूची
इन जिलों में जारी हुआ रेड और ऑरेंज अलर्ट
Kolkata Heavy Rainfall Alert: बंगाल की खाड़ी में बने गहरे निम्न दबाव के कारण पश्चिम बंगाल में मानसून का विकराल रूप देखने को मिल रहा है। मौसम विभाग ने कोलकाता सहित दक्षिण बंगाल के कई जिलों में मूसलाधार बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है। लगातार हो रही बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त होने और निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति उत्पन्न होने की गंभीर चेतावनी दी गई है।
24 घंटे में 200 मिमी तक बारिश का अनुमान
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार निम्न दबाव के प्रभाव से कोलकाता और आसपास के इलाकों में तेज बारिश का दौर जारी रहेगा। अगले 24 घंटों में शहर में 70 से 200 मिलीमीटर तक बारिश होने की संभावना जताई गई है। भारी बारिश के चलते कोलकाता के निचले इलाकों में गंभीर जलजमाव (Waterlogging) की आशंका को देखते हुए प्रशासन को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं।
पश्चिमी जिलों के लिए रेड अलर्ट, डीवीसी बांधों को लेकर चिंता
- कोलकाता से भी अधिक बारिश राज्य के पश्चिमी जिलों में होने का अनुमान है।
-
बांकुड़ा और पश्चिम मेदिनीपुर: अत्यधिक भारी बारिश के लिए ‘रेड अलर्ट’ जारी।
-
हुगली और पूर्व बर्दवान: भारी से अति भारी बारिश की चेतावनी।
-
पुरुलिया: शुक्रवार तक बारिश के असर को देखते हुए ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी।
मौसम विशेषज्ञों ने दामोदर घाटी निगम के जलग्रहण क्षेत्रों में तेज बारिश को लेकर चिंता जताई है। यदि बांधों में पानी का स्तर बढ़ता है तो अतिरिक्त पानी छोड़ना पड़ सकता है जिससे निचले इलाकों में बाढ़ का खतरा मंडरा रहा है।
मछुआरों को समुद्र में न जाने की सलाह
मौसम विभाग ने निम्न दबाव की गति और उत्तर-पश्चिम दिशा में बढ़ने के खतरे को देखते हुए तटीय इलाकों में अलर्ट जारी किया है। पश्चिम बंगाल के तटीय क्षेत्रों में तूफानी हवाएं चलने की संभावना है जिसके चलते मछुआरों को शनिवार तक समुद्र में न जाने की सख्त सलाह दी गई है।
रिपोर्ट: शिंकी सिंह, कोलकाता

