Kolkata Police Helpline: कोलकाता में अब एक कॉल पर मिलेगी पुलिस की मदद

Kolkata Police Helpline: कोलकाता पुलिस की हेल्पलाइन 'डायल 100' सेवा में बड़ा बदलाव। अब लालबाजार कंट्रोल रूम में तैनात होंगे 8 अनुभवी अधिकारी जिससे आपात स्थिति में मिलेगी तुरंत मदद।
विषयसूची
‘डायल 100’ को मिला नया अवतार, लालबाजार ने तैनात किए 8 अफसर
Kolkata Police Helpline: कोलकाता पुलिस की आपातकालीन सेवा ‘डायल 100’ को अधिक प्रभावी और तेज बनाने के लिए लालबाजार प्रशासन ने इसे पूरी तरह से नए सिरे से व्यवस्थित करने का फैसला लिया है। पिछले कुछ समय से शहरवासियों की लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि संकट के समय जब लोग मदद के लिए इस नंबर पर फोन करते हैं तो उन्हें लालबाजार के किसी अन्य लैंडलाइन नंबर पर संपर्क करने के लिए कहा जाता था। इसके अलावा कई मामलों में पुलिस टीम के घटनास्थल पर पहुंचने में आधे घंटे से ज्यादा की देरी होने की बात भी सामने आई थी जिससे इस हेल्पलाइन सेवा का मुख्य मकसद ही विफल हो रहा था। ऐसे में इन कमियों को दूर करने और जन विश्वास को बहाल करने के लिए कोलकाता पुलिस ने पहली बार नियंत्रण कक्ष में आठ अनुभवी सर्जेंट को तैनात किया है।
नई व्यवस्था से क्या बदलेगा
-
त्वरित कार्रवाई: अनुभवी अधिकारियों की मौजूदगी से प्राप्त कॉल्स का त्वरित मूल्यांकन होगा और संबंधित पुलिस स्टेशन या पीसीआर वैन को तुरंत निर्देश जारी किए जाएंगे।
-
समय की बचत: नागरिकों को किसी दूसरे नंबर पर भटकना नहीं पड़ेगा और सीधे नियंत्रण कक्ष से ही त्वरित राहत भेजी जाएगी।
-
प्रतिक्रिया समय में सुधार: घटनास्थल पर पुलिस के पहुंचने के समय में भारी कमी आएगी। लालबाजार प्रशासन को उम्मीद है कि इस नए पुनर्गठन से नागरिकों का आपातकालीन सेवा पर भरोसा पुनः बहाल होगा और शहर की सुरक्षा व्यवस्था अधिक मजबूत होगी।
रिपोर्ट: शिंकी सिंह, कोलकाता

