बंगाल में दुर्गापूजा से पहले कर्मचारियों की बल्ले-बल्ले, 15 अक्टूबर को खाते में आएगा वेतन और डीए

पश्चिम बंगाल में सरकारी कर्मचारियों के लिए बड़ी खबर है। दुर्गापूजा से पहले 15 अक्टूबर को वेतन, पेंशन और बढ़ा हुआ महंगाई भत्ता देने का फैसला हुआ है।
विषयसूची
सरकारी कर्मचारियों के लिए नवान्न ने जारी किया जरूरी निर्देश
पश्चिम बंगाल के सरकारी कर्मचारियों और पेंशनभोगियों के लिए एक बहुत बड़ी खुशखबरी सामने आई है। दुर्गापूजा के त्योहारी सीजन को ध्यान में रखते हुए राज्य सचिवालय ने एक अहम निर्देशिका जारी की है। इसके तहत अब कर्मचारियों को महीने के अंत तक का इंतजार नहीं करना पड़ेगा बल्कि पूजा से पहले ही उनके खाते में अक्टूबर महीने का वेतन, पेंशन और बढ़ा हुआ डीए पहुंच जाएगा। राज्य के वित्त विभाग की ओर से बुधवार को इस संबंध में आधिकारिक अधिसूचना जारी कर दी गई है।
दुर्गापूजा से पहले अग्रिम वेतन और पेंशन का ऐलान
सामान्य तौर पर सरकारी कर्मचारियों को हर महीने का वेतन और पेंशन महीने के आखिरी दिनों में मिलती है। लेकिन इस बार दुर्गापूजा अक्टूबर के तीसरे सप्ताह में पड़ने के कारण मुख्यमंत्री की सरकार ने कर्मचारियों को पहले ही भुगतान करने का बड़ा फैसला लिया है। वित्त विभाग की अधिसूचना के अनुसार अक्टूबर महीने का वेतन, अनुदान प्राप्त संस्थानों का वेतन, मजदूरी, पारिश्रमिक, स्टाइपेंड और मानदेय के साथ-साथ बढ़ा हुआ डीए आगामी 15 अक्टूबर यानी दुर्गापूजा के पंचमी के दिन ही दे दिया जाएगा। इसी तय दिन पर अक्टूबर महीने की नियमित पेंशन और पारिवारिक पेंशन का भुगतान भी कर दिया जाएगा।
बढ़ा हुआ डीए और ट्रेजरी संबंधी निर्देश
वित्त विभाग द्वारा जारी इस स्पष्ट निर्देश में कहा गया है कि पिछले 4 अगस्त के नियमों के अनुसार जहां भी डीए लागू होता है वहां संशोधित दरों पर डीए और डियरनेस रिलीफ (डीआर) का पैसा दिया जाएगा। इसके लिए सभी जरूरी बिल और कागजात समय से पहले ट्रेजरी में जमा कराने होंगे। तय समय सीमा के भीतर कर्मचारियों और पेंशनभोगियों के खातों में पैसे ट्रांसफर करने के लिए संबंधित डीडीओ और डिपॉजिट अकाउंट के प्रशासकों को पुख्ता इंतजाम करने के निर्देश दिए गए हैं। 15 अक्टूबर तक सभी वित्तीय प्रक्रियाएं पूरी कर ली जाएंगी जिससे देवीपक्ष के दौरान ही सभी के हाथों में पैसे पहुंच जाएं।
रिपोर्ट: शिंकी सिंह, कोलकाता

