दक्षिण 24 परगना में किन्नर समूहों के बीच विवाद, थाने के सामने प्रदर्शन कर कार्रवाई की मांग

South 24 Parganas Transgender Group Dispute: दक्षिण 24 परगना के खड़िबेड़िया के किन्नर समूह ने मेटियाब्रुज के एक समूह और एक भाजपा कार्यकर्ता के खिलाफ पुलिस में शिकायत दी है। उन्होंने जबरन इलाके में आने, मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने के आरोप लगाए। विष्णुपुर थाने के सामने प्रदर्शन कर दोनों पक्षों की जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की गई।
विषयसूची
किन्नर समूहों का विवाद पहुंचा पुलिस के पास
South 24 Parganas Transgender Group Dispute: दक्षिण 24 परगना के खड़िबेड़िया इलाके में किन्नर समुदाय की आपसी गुटबाजी खुलकर सामने आई है। खड़िबेड़िया के किन्नरों ने पैलान स्थित डायमंड हार्बर जिला पुलिस अधीक्षक कार्यालय और बिष्णुपुर थाने में मेटियाब्रुज के किन्नरों तथा एक भाजपा कार्यकर्ता के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। इस दौरान बिष्णुपुर थाने के सामने विरोध-प्रदर्शन भी हुआ।
खड़िबेड़िया के किन्नरों का आरोप है कि मेटियाब्रुज के किन्नर जबरन उनके इलाके में घुस रहे हैं। विरोध करने पर मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी दी जा रही है, जिससे वे लगातार आतंक के साये में जी रहे हैं।




दोनों पक्षों की जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की मांग
खड़िबेड़िया के किन्नरों ने यह भी दावा किया कि मेटियाब्रुज गुट के लोग असली किन्नर नहीं बल्कि पुरुष हैं, और वे आम जनता तथा सरकार दोनों को धोखा दे रहे हैं। उनका कहना है कि पूर्व सरकार के कार्यकाल में उन्हें उत्पीड़न झेलना पड़ा था। राज्य में सत्ता परिवर्तन के बाद भले ही हर तरफ शांति है, लेकिन उनका समुदाय अब भी चैन से नहीं है।
खड़िबेड़िया के किन्नरों ने वर्तमान सरकार और पुलिस प्रशासन से अपील की है कि दोनों पक्षों की गहनता से जांच कर दोषियों को सजा दी जाए।
फिलहाल पुलिस ने शिकायत दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। आने वाले दिनों में दोनों पक्षों को थाने में तलब किए जाने की संभावना है।



रिपोर्ट: एकबाल, पश्चिम बंगाल

