पश्चिम बंगाल में फिर शुरू हुई 125 दिन रोजगार योजना, बांकुड़ा से हुआ शुभारंभ

पश्चिम बंगाल में सरकार बदलने के बाद 125 दिन रोजगार योजना की दोबारा शुरुआत हो गई है। बांकुड़ा जिले के पुरंदरपुर ग्राम पंचायत से इस योजना का शुभारंभ किया गया। योजना के तहत ग्रामीणों को रोजगार मिलेगा और जलाशय, सड़क व अन्य विकास कार्यों को भी गति मिलने की उम्मीद है।
विषयसूची
Rojgar Yojana: पश्चिम बंगाल में सरकार बदलने के बाद एक बार फिर 125 दिन रोजगार योजना की शुरुआत कर दी गई है। गुरुवार को बांकुड़ा जिले के बांकुड़ा-2 ब्लॉक अंतर्गत पुरंदरपुर ग्राम पंचायत के रघुनाथपुर मौजा से इस योजना का औपचारिक शुभारंभ किया गया।
कार्यक्रम में बांकुड़ा के जिलाधिकारी अनीश दासगुप्ता, बांकुड़ा विधानसभा क्षेत्र के विधायक नीलाद्रि शेखर दाना, बांकुड़ा-2 ब्लॉक के बीडीओ सहित प्रशासन के कई अधिकारी और स्थानीय जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

मजदूरों को मिल रहा रोजगार
इस मौके पर अधिकारियों ने कहा कि इस योजना के शुरू होने से ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को फिर से रोजगार के अवसर मिलेंगे। योजना के तहत जलाशयों की खुदाई, तालाबों का जीर्णोद्धार, सड़क निर्माण और मरम्मत सहित कई विकास कार्यों में स्थानीय मजदूरों को काम दिया जाएगा।

उन्होंने बताया कि इससे एक ओर जहां गांवों में बुनियादी ढांचे का विकास होगा, वहीं दूसरी ओर रोजगार बढ़ने से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।
योजना की शुरुआत के साथ ही गुरुवार से रघुनाथपुर मौजा में मजदूरों ने काम भी शुरू कर दिया। लंबे समय बाद 125 दिन रोजगार योजना दोबारा शुरू होने से इलाके में उत्साह का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस योजना से उन्हें रोजगार मिलेगा और उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत होगी।

