अन्नपूर्णा योजना में जुड़ेंगे 8 लाख नए लाभार्थी, पूजा से पहले 1.54 करोड़ महिलाओं को मिलेगा लाभ

अन्नपूर्णा योजना में 8 लाख नए लाभार्थियों को जोड़ने की तैयारी है। इसके बाद पश्चिम बंगाल की 1.54 करोड़ महिलाओं को हर महीने 3,000 रुपये की सहायता मिलने की जानकारी है।
विषयसूची
जानें नए आवेदन के लिए फिर कब खुलेगा पोर्टल
पश्चिम बंगाल में अन्नपूर्णा योजना का दायरा बढ़ाने की तैयारी है। योजना के तहत करीब 8 लाख नए लाभार्थियों को जोड़े जाने की बात सामने आई है। इसके बाद राज्य में योजना का लाभ पाने वाली महिलाओं की संख्या करीब 1 करोड़ 54 लाख हो जाएगी। दुर्गा पूजा से पहले पात्र महिलाओं के बैंक खातों में सितंबर महीने की सहायता राशि भेजने की प्रक्रिया शुरू हो गई है।
हर महीने मिलेगी 3,000 रुपये की सहायता
प्रशासनिक जानकारी के अनुसार सितंबर महीने से योजना के तहत पात्र महिलाओं को 3,000 रुपये की वित्तीय सहायता दी जानी है। बुधवार से राज्यभर में लाभार्थियों के बैंक खातों में राशि भेजने की प्रक्रिया शुरू हुई है। हालांकि बैंक खातों से जुड़ी तकनीकी दिक्कतों के कारण सभी खातों में एक साथ पैसा पहुंचने में समय लग सकता है। बताया गया है कि लाभार्थियों के खातों में राशि पहुंचने में तीन से चार दिन तक का समय लग सकता है।
8 लाख नए आवेदनों की जांच अंतिम चरण में
अन्नपूर्णा योजना के लिए 31 जुलाई तक आवेदन मांगे गए थे। प्राप्त आवेदनों के सत्यापन के बाद नए लाभार्थियों को योजना में शामिल करने की प्रक्रिया चल रही है। प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार करीब 8 लाख नए लाभार्थियों को जोड़ने की प्रक्रिया अंतिम चरण में है। जांच पूरी होने के बाद नए आवेदन के लिए पोर्टल दोबारा खोले जाने की संभावना है।
अयोग्य लाभार्थियों की भी हो रही जांच
योजना का गलत तरीके से लाभ लेने वाले लोगों की पहचान के लिए भी जांच जारी है। योजना से जुड़ी शिकायतों के लिए ऑनलाइन व्यवस्था की गई है। इस माध्यम से करीब 19 हजार शिकायतें मिलने की जानकारी है। शिकायतों की जांच के दौरान कुछ ऐसे लाभार्थियों की पहचान हुई है, जिन्हें योजना के लिए अयोग्य पाया गया। ऐसे मामलों में आगे की राशि रोकने के साथ पहले दी गई रकम की वसूली की कोशिश भी की जा रही है।
रिपोर्ट: शिंकी सिंह, कोलकाता

