जरूर पढ़ें

कुछ ही दिनों में हरीश को मिलेगी इच्छा मृत्यु, नम आंखों और भारी मन से बेटे को निहार रहा परिवार

कुछ ही दिनों में हरीश को मिलेगी इच्छा मृत्यु, नम आंखों और भारी मन से बेटे को निहार रहा परिवार
कुछ ही दिनों में हरीश को मिलेगी इच्छा मृत्यु, नम आंखों और भारी मन से बेटे को निहार रहा परिवार (Pic Credit- X @nabilajamal_)

गाजियाबाद के हरीश राणा को सुप्रीम कोर्ट से इच्छा मृत्यु की मंजूरी मिलने के बाद परिवार बेहद भावुक है। 13 साल से कोमा में पड़े हरीश को जल्द ही एम्स ले जाया जाएगा, जहां मेडिकल टीम उनकी स्थिति का आकलन करेगी। इस बीच माता-पिता बेटे को देखकर लगातार भावुक हो रहे हैं।

Updated:

Harish Rana: गाजियाबाद के राजनगर एक्सटेंशन स्थित राज एम्पायर सोसाइटी में रहने वाले हरीश राणा को सुप्रीम कोर्ट से इच्छा मृत्यु की मंजूरी मिलने के बाद पूरे परिवार का माहौल बेहद भावुक हो गया है। हरीश के माता-पिता अपने बेटे को बार-बार नम आंखों से निहार रहे हैं। पड़ोसियों का कहना है कि भले ही हरीश पिछले 13 साल से कोमा में थे, लेकिन परिवार के पास तो थे। लेकिन अब यह साथ भी शायद कुछ ही दिनों का रह गया है।

बेटे पर प्यार लूटा रहे माता-पिता

हरीश के पिता अशोक राणा ने फिलहाल मीडिया से दूरी बना रखी है। वे इस बारे में ज्यादा बात नहीं करना चाहते। जब भी कोई उनसे बात करता है, उनकी आंखें भर आती हैं। वहीं मां निर्मला देवी अपने बेटे को देखकर बेहद भावुक हो जाती हैं। पड़ोसियों के मुताबिक मां अपने बेटे को लगातार निहारती रहती हैं, जबकि पिता प्यार से उसके सिर और हाथों को सहलाते रहते हैं। परिवार इस समय किसी से ज्यादा बातचीत नहीं कर रहा है।

13 साल पहले रक्षाबंधन के दिन हुआ था हादसा

परिवार के मुताबिक यह हादसा साल 2013 में रक्षाबंधन के दिन हुआ था। उस समय हरीश पीजी की चौथी मंजिल से गिर गए थे। गिरने से उनके सिर और कमर में गंभीर चोट आई थी। शुरुआत में परिवार को उम्मीद थी कि इलाज से वह ठीक हो जाएंगे, लेकिन हादसे के बाद से ही वह बिस्तर पर ही पड़े हैं और कभी सामान्य स्थिति में नहीं लौट सके।

स्वास्थ्य में नहीं हो रहा था सुधार

हरीश की हालत को लेकर मेरठ मेडिकल कॉलेज के एक विशेष मेडिकल बोर्ड ने करीब तीन महीने पहले रिपोर्ट दी थी। रिपोर्ट में कहा गया था कि उनके ठीक होने की संभावना लगभग नहीं के बराबर है। इसी के बाद आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू हुई।

आज एम्स ले जाने की संभावना

जानकारी के अनुसार आज शुक्रवार को हरीश राणा को दिल्ली के एम्स ले जाया जा सकता है। वहां उन्हें पैलिएटिव केयर वार्ड में भर्ती किया जाएगा। सुप्रीम कोर्ट के निर्देश के बाद डॉक्टरों की एक विशेष कमेटी उनके स्वास्थ्य की अंतिम समीक्षा करेगी।

परिवार को 10 लाख रुपये की आर्थिक सहायता

वहीं राज्य सरकार की ओर से परिवार को मुख्यमंत्री राहत कोष से 10 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की गई है। साथ ही परिवार के किसी सदस्य को रोजगार के लिए एक दुकान उपलब्ध कराने की भी बात कही गई है।

Rashtra Bharat
Rashtra Bharat पर पढ़ें ताज़ा खेल, राजनीति, विश्व, मनोरंजन, धर्म और बिज़नेस की अपडेटेड हिंदी खबरें।

Dipali Kumari

दीपाली कुमारी पिछले तीन वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में कार्यरत हैं। उन्होंने रांची के गोस्सनर कॉलेज से स्नातक की शिक्षा प्राप्त की है। सामाजिक सरोकारों, जन-जागरूकता और जमीनी मुद्दों पर लिखने में उनकी विशेष रुचि है। आम लोगों की आवाज़ को मुख्यधारा तक पहुँचाना और समाज से जुड़े महत्वपूर्ण प्रश्नों को धारदार लेखन के माध्यम से सामने लाना उनका प्रमुख लक्ष्य है।