Draupadi Murmu meets Pramanand Maharaj: ब्रज प्रवास के दूसरे दिन राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का कार्यक्रम आध्यात्मिक रंग में डूबा नजर आया। वृंदावन पहुंचकर उन्होंने प्रेमानंद महाराज से मुलाकात की, जो इस दौरे का सबसे खास पल बन गया। राधा केली कुंज आश्रम में हुई इस मुलाकात के दौरान दोनों के बीच करीब 27 मिनट तक बातचीत चली। मुलाकात के अंत में आश्रम की ओर से राष्ट्रपति को प्रसाद स्वरूप दुपट्टा, माला और प्रसाद भेंट किया गया। इस दौरान राष्ट्रपति अपने परिवार के साथ मौजूद रहीं।

प्रेमानंद महाराज ने ‘राधे-राधे’ कह किया स्वागत
आश्रम पहुंचने पर प्रेमानंद महाराज ने ‘राधे-राधे’ कहकर राष्ट्रपति का स्वागत किया। माहौल बेहद सहज और भक्ति से भरा हुआ था। बातचीत के दौरान आध्यात्म, समाज और ब्रज की परंपराओं पर चर्चा हुई। इस दौरान प्रेमानंद महाराज ने नाम जप की महत्ता पर जोर देते हुए कहा कि यही जीवन को सरल और सार्थक बनाने का मार्ग है।

राष्ट्रपति ने प्रेम मंदिर में की पूजा
इससे पहले दौरे के पहले दिन राष्ट्रपति ने प्रेम मंदिर पहुंचकर भगवान राधा-कृष्ण के दर्शन किए थे। यहां उन्होंने विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और आरती में शामिल हुईं। मंदिर में चल रहे संकीर्तन और भजनों ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया था। उन्होंने मंदिर में आयोजित लेजर शो भी देखा और परिसर की परिक्रमा की।
इस्कॉन मंदिर वृंदावन पहुंची राष्ट्रपति
प्रेम मंदिर के बाद राष्ट्रपति ने इस्कॉन मंदिर वृंदावन का भी दौरा किया। यहां उन्होंने भगवान कृष्ण-बलराम के दर्शन किए और वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच पूजा-अर्चना की। मंदिर परिसर में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान बालिकाओं के नृत्य को उन्होंने सराहा और कुछ समय ध्यान में भी बिताया।
पूरे दौरे के दौरान वृंदावन में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। प्रशासन और पुलिस पूरी तरह मुस्तैद नजर आई। मंदिर परिसरों में भी व्यवस्थाएं सुव्यवस्थित रहीं, जिससे श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी नहीं हुई।