Delhi Fire News: दिल्ली के पालम इलाके से आज बुधवार की सुबह एक बेहद दर्दनाक खबर सामने आई। साध नगर में एक मकान में भीषण आग लग गई, जिसमें अब तक कम से कम 6 लोगों की मौत हो चुकी है। बताया जा रहा है कि मरने वाले सभी लोग एक ही परिवार के थे। इस हादसे के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी और मातम का माहौल है।
आग बुझाने पहुंची 30 दमकल गाड़ियां
इस संबंध में मिली जानकारी के अनुसार आज सुबह करीब 7 बजे आग लगने की सूचना मिली, जिसके बाद दिल्ली फायर सर्विस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। आग इतनी भयानक थी कि इसे बुझाने के लिए दमकल विभाग की करीब 30 गाड़ियों को लगाया गया। पुलिस और अन्य आपातकालीन सेवाएं भी मौके पर पहुंच गईं और राहत-बचाव कार्य शुरू किया गया।
मकान में फंसे थे 9 लोग, 6 की मौत
जानकारी के मुताबिक, जिस मकान में आग लगी, वहां करीब 9 लोग मौजूद थे। आग लगने के बाद कई लोग अंदर ही फंस गए। उन्हें बाहर निकालने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया। दमकल कर्मियों ने काफी मेहनत के बाद आग पर काबू पाया और फंसे हुए लोगों को बाहर निकाला, लेकिन तब तक 6 लोगों की जान जा चुकी थी। कुछ अन्य लोग घायल बताए जा रहे हैं, जिन्हें तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
A fire broke out in a building in #Delhi‘s Palam area; reports suggest that approximately nine people are trapped. More than 20 fire tenders are engaged in rescue and relief operations. pic.twitter.com/4ObxcSsp8p
— Siraj Noorani (@sirajnoorani) March 18, 2026
हादसे के दौरान मौके पर स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जुट गई थी। हर तरफ चीख-पुकार मची हुई थी। लोग अपने स्तर पर भी मदद करने की कोशिश कर रहे थे। कई लोगों की आंखों में आंसू थे और माहौल बेहद भावुक हो गया था।
जांच में जुटी पुलिस
दिल्ली अग्निशमन सेवा के अधिकारियों के अनुसार, शुरुआत में यह आशंका थी कि अंदर कुछ लोग फंसे हो सकते हैं, इसलिए तेजी से बचाव कार्य किया गया। हालांकि, आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और यह जानने की कोशिश की जा रही है कि आग कैसे लगी।