NEET री-एग्जाम से पहले बड़ा फैसला, भारत में Telegram हुआ बैन!

NEET री-एग्जाम 2026 से पहले केंद्र सरकार ने बड़ा फैसला लेते हुए Telegram पर अस्थायी रोक लगा दी है। NTA की सिफारिश पर उठाए गए इस कदम का उद्देश्य परीक्षा से जुड़ी अफवाहों और कथित पेपर लीक सामग्री पर रोक लगाना है। यह प्रतिबंध 22 जून तक प्रभावी रहेगा।
विषयसूची
Telegram Ban in India: NEET री-एग्जाम 2026 से पहले केंद्र सरकार ने बड़ा कदम उठाते हुए मैसेजिंग प्लेटफॉर्म Telegram पर अस्थायी प्रतिबंध लगाने का फैसला किया है। सरकार का कहना है कि यह कदम राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET) की निष्पक्षता बनाए रखने और पेपर लीक से जुड़ी अफवाहों व भ्रामक सामग्री पर रोक लगाने के उद्देश्य से उठाया गया है।
22 जून तक Telegram पर अस्थायी प्रतिबंध
जानकारी के अनुसार, राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) की सिफारिशों के आधार पर केंद्र सरकार ने सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम, 2000 की धारा 69A के तहत यह आदेश जारी किया है। इसके तहत भारत में Telegram के एक्सेस को एक निर्धारित अवधि के लिए प्रतिबंधित किया जाएगा। यह अस्थायी रोक 22 जून 2026 तक लागू रहेगी।
सरकार का मानना है कि पिछले कुछ समय से Telegram के कई ग्रुप्स पर NEET प्रश्नपत्र लीक होने के दावे और संबंधित सामग्री साझा किए जाने की शिकायतें सामने आती रही हैं। ऐसे में 21 जून को प्रस्तावित NEET री-एग्जाम को देखते हुए परीक्षा प्रक्रिया की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए यह निर्णय लिया गया है।
पोस्ट एडिट करने पर भी रोक
इसके अलावा सरकार ने Telegram को एक और महत्वपूर्ण निर्देश दिया है। आदेश के तहत प्लेटफॉर्म पर पहले से पोस्ट किए गए संदेशों में एडिट (संपादन) करने की सुविधा को भी अस्थायी रूप से बंद करने को कहा गया है। यह प्रतिबंध 30 जून 2026 तक प्रभावी रहेगा। अधिकारियों का मानना है कि कुछ मामलों में परीक्षा समाप्त होने के बाद संदेशों को संपादित कर फर्जी ‘पेपर लीक’ के सबूत तैयार किए जाते रहे हैं, जिससे भ्रम की स्थिति पैदा होती है और परीक्षा की विश्वसनीयता पर सवाल उठते हैं।
सरकार का कहना है कि Telegram की विशेष तकनीकी संरचना को ध्यान में रखते हुए यह कदम उठाया गया है। इससे परीक्षा से जुड़ी अफवाहों, फर्जी दावों और भ्रामक सूचनाओं पर अंकुश लगाने में मदद मिलेगी। वहीं, NEET री-एग्जाम की तैयारियों के बीच अभ्यर्थियों और अभिभावकों को केवल आधिकारिक स्रोतों से ही जानकारी प्राप्त करने की सलाह दी गई है।
उल्लेखनीय है कि NEET री-एग्जाम 21 जून को आयोजित किया जाना है और इसे लेकर सुरक्षा एजेंसियां तथा परीक्षा संचालन से जुड़ी संस्थाएं पूरी तरह सतर्क हैं।

