Delhi Budget 2026: राजधानी दिल्ली के लिए आज मंगलवार का दिन बेहद खास रहा. मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने विधानसभा में 1,03,700 करोड़ रुपये का बड़ा बजट पेश किया। इस बजट में साफ तौर पर शिक्षा, स्वास्थ्य, इंफ्रास्ट्रक्चर और पर्यावरण को प्राथमिकता दी गई है.
बजट पेश करते हुए रेखा गुप्ता ने बताया कि दिल्ली प्रति व्यक्ति आय के मामले में देश में तीसरे स्थान पर पहुंच चुकी है। उन्होंने यह भी कहा कि उनकी सरकार ने इंफ्रास्ट्रक्चर पर खर्च को कई गुना बढ़ाया है, जो पहले 6-7 हजार करोड़ रुपये था, अब बढ़कर 28 हजार करोड़ रुपये तक पहुंच गया है।
शिक्षा के क्षेत्र में अहम घोषणाएं
शिक्षा के क्षेत्र में सरकार ने कई अहम घोषणाएं की हैं। अब सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाली 9वीं कक्षा की छात्राओं को साइकिल दी जाएगी, ताकि वे आसानी से स्कूल आ-जा सकें। वहीं, 10वीं के मेधावी छात्रों को लैपटॉप देकर उन्हें डिजिटल दुनिया से जोड़ने की पहल की गई है। इसके अलावा 8,777 कक्षाओं में स्मार्ट बोर्ड लगाने के लिए 150 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है, जिससे पढ़ाई को और आधुनिक बनाया जा सके।
पीडब्ल्यूडी विभाग को 5,921 करोड़ रुपये
इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करने के लिए पीडब्ल्यूडी विभाग को 5,921 करोड़ रुपये दिए गए हैं। सड़कों को धूल मुक्त बनाने और ट्रैफिक नेटवर्क को बेहतर करने के लिए 1,392 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। लंबे समय से लंबित बारापुला कॉरिडोर के लिए 210 करोड़ रुपये और बिजली की तारों को भूमिगत करने के लिए 200 करोड़ रुपये का बजट तय किया गया है।
पूर्वी दिल्ली के विकास के लिए 300 करोड़ रुपये
जल आपूर्ति और बुनियादी सुविधाओं पर भी सरकार का खास ध्यान है। दिल्ली जल बोर्ड के लिए 9,000 करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं, वहीं जलभराव की समस्या से निपटने के लिए मास्टर प्लान तैयार किया गया है। पूर्वी दिल्ली के विकास के लिए 300 करोड़ रुपये का विशेष बजट रखा गया है।
स्वास्थ्य क्षेत्र के लिए 515 करोड़ रुपये
स्वास्थ्य क्षेत्र को भी मजबूती देने के लिए निर्माणाधीन अस्पतालों के लिए 515 करोड़ रुपये और दमकल विभाग के लिए 674 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। साथ ही, बाढ़ से सुरक्षा के लिए 50 करोड़ रुपये की लागत से सुरक्षा दीवार का निर्माण भी शुरू किया गया है।
कुल मिलाकर यह बजट दिल्ली को एक आधुनिक, सुरक्षित और सुविधाजनक शहर बनाने की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है।